ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
देहरा उपमंडल से गुजरने वाले NH 503 पर ढलियारा में एक बार फिर सड़क हादसा सामने आया है। तीखे और खतरनाक मोड़ों के लिए कुख्यात इस मार्ग पर रिलायंस स्टोर का सामान ले जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक अम्बाला से सामान लेकर पालमपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन ढलियारा के खतरनाक मोड़ पर पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर ही पलट गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई, हालांकि ट्रक को काफी नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर ट्रक क्रैश बैरियर तोड़कर नीचे खाई में गिर जाता, तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। ड्राइवर का कहना है कि ब्रेक न लगने से गाड़ी अनियंत्रित हो गयी और पलट गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उनका कहना है कि ढलियारा के ये मोड़ पहले भी कई हादसों के गवाह बन चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

