मंडी छात्रा हत्याकांड: सिया को अंतिम विदाई देते मां बेहोश, आक्रोशित लोगों का प्रदर्शन; बाजार बंद व मेला स्थगित

मंडी छात्रा हत्याकांड: सिया को अंतिम विदाई देते मां बेहोश, आक्रोशित लोगों का प्रदर्शन; बाजार बंद व मेला स्थगित

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के मंडी में कॉलेज जा रही छात्रा की निर्मम हत्या के बाद लोगों में आक्रोश है। सरकाघाट के नैण निवासी 19 वर्षीय सिया का मंगलवार सुबह उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवती की अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों लोग उमड़े। सिया को चचेरे भाई ने मुखाग्नि दी।

सिया की हत्या के विरोध में सरकाघाट, टिहरा और मंडी में प्रदर्शन किए गए। गोपालपुर बाजार बंद रखा गया। इसके अलावा छिंज मेला भी स्थगित कर दिया गया।

गोपालपुर कालेज में बीवॉक द्वितीय वर्ष की छात्रा सिया की नशेड़ी विशाल ने दराट से हमला कर सोमवार सुबह कॉलेज जाते वक्त हत्या कर दी थी।

शाम को ही शव पैतृक गांव नैण पहुंचा था, सुबह 10 बजे के करीब उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटी का शव घर आने पर मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मां दो बार बेहोश हो गई। वहीं अंतिम संस्कार पुलिस के पहरे में हुआ और विधायक दलीप ठाकुर भी इसमें शामिल हुए।

सोमवार को युवती की हत्या के बाद लोगों ने आरोपित को खेतों से धर दबोचा था, इस दौरान उसकी जमकर धुनाई भी कर डाली थी, जिसे पुलिस ने मुश्किल से छुड़ाकर सीधे थाने पहुंचाया। आक्रोशित लोगों ने देर शाम को मौही चौक पर चक्का जाम किया था।

सीएम का संदेश पहुंचाया परिवार को

देर शाम को कांग्रेस महासचिव यदोपति ठाकुर भी सिया के घर पहुंचे और मुख्यमंत्री का संदेश उनको दिया। सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भी इस वारदात पर दुख जताया व परिवार को हौसला दिया।

वहीं लोगों में सिया हत्याकांड को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना था कि गांव की बस पिछले तीन महीने से बंद है किसी भी अधिकारी ने सुनवाई नहीं की, अगर बस चल रही होती तो सिया आज जिंदा होती।

Related posts

Leave a Comment