7.5 C
New York
Thursday, April 23, 2026

Buy now

फर्जी प्रमाण पत्र से आरक्षित सीट पर जीता था चुनाव, पुलिस ने गिरफ्तार किया पूर्व प्रधान

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह उपमंडल में सत्ता के लिए फर्जीवाड़े का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने ग्राम पंचायत गुवाड़ी के पूर्व प्रधान जन्म सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्जी अनुसूचित जाति (एसी) प्रमाण पत्र बनवाकर आरक्षित सीट पर चुनाव लड़ने और 5 साल तक धोखे से प्रधान पद पर काबिज रहने का गंभीर आरोप है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई गांव बाड़ी, डाकघर खुशनगरी के निवासी भगत राम द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि जन्म सिंह ने प्रशासन और जनता को गुमराह करने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया। आरोपी ने अवैध तरीके से खुद को अनुसूचित जाति का बताकर प्रमाण पत्र बनवाया और गुवाड़ी पंचायत में एससी आरक्षित सीट से चुनाव जीत लिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने इस फर्जीवाड़े के दम पर पूरे 5 साल तक प्रधान के पद पर रहकर सरकारी शक्तियों का इस्तेमाल भी किया।

तहसीलदार ने निरस्त किया था प्रमाण पत्र

पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद राजस्व विभाग ने भी मामले की गहनता से जांच की। जांच में पाया गया कि आरोपी ने तथ्यों को छिपाकर और गलत जानकारी देकर प्रशासनिक कार्यालय से प्रमाण पत्र हासिल किया था। नायब तहसीलदार सलूणी ने इसे नियमों की अनदेखी और कानून का उल्लंघन मानते हुए आरोपी प्रधान के प्रमाण पत्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया था।

एसपी ने की पुष्टि, अदालत में पेश हाेगा आराेपी

पुलिस थाना तीसा ने पुख्ता साक्ष्य जुटाने के बाद शुक्रवार को पूर्व प्रधान जन्म सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगामी जांच जारी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

पूर्व प्रधान की गिरफ्तारी से इलाके में हड़कंप

पूर्व प्रधान की गिरफ्तारी के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सीधे तौर पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया और आरक्षित वर्ग के अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस फर्जी प्रमाण पत्र को बनाने में और किन लोगों की संलिप्तता थी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles