10 हजार रुपये की रिश्वत… और विजिलेंस का बिछाया जाल! पांवटा साहिब में वन विभाग का रेंज अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार।”
ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के भंगानी रेंज में तैनात रेंज अधिकारी सुमन्त कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सुमन्त कुमार पुत्र जी राम, निवासी हरिओम कॉलोनी, शिकायतकर्ता इकराम निवासी भंगानी से कथित तौर पर उसके ट्रैक्टर को खनन करने देने और चालान न करने की एवज में 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से शिकायतकर्ता को परेशान कर रहा था। इससे परेशान होकर इकराम ने सिरमौर विजिलेंस अधिकारियों से इसकी शिकायत की। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस टीम को लिखित शिकायत देने के साथ-साथ बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपी थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पूरी योजना के तहत ट्रैप लगाया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को पैसे देने के लिए पांवटा साहिब के चुंगी नंबर-6 पर बुलाया था। जैसे ही आरोपी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, विजिलेंस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल विजिलेंस टीम मौके पर आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है। मामले में जांच जारी है और कार्रवाई से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने का इंतजार है
