पांवटा साहिब में बांगरण बाईपास से लेबर चौक अन्यत्र शिफ्ट करने की उठी मांग, विकास मंच ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पांवटा साहिब में बांगरण बाईपास से लेबर चौक अन्यत्र शिफ्ट करने की उठी मांग, विकास मंच ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

“पांवटा साहिब में बांगरण बाईपास से लेबर चौक अन्यत्र शिफ्ट करने की उठी मांग, विकास मंच ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन”..

ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)

औद्योगिक नगरी पांवटा साहिब के बांगरण बाईपास पर सुबह के वक्त लगने वाली मजदूरों की भीड़ और उससे उत्पन्न होने वाली यातायात समस्याओं के समाधान के लिए ‘श्री पांवटा साहिब विकास मंच’ आगे आया है।

मंच के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक (उद्योग) जी.एस. चौहान ने एस. डी.एम. पांवटा साहिब को एक औपचारिक पत्र प्रेषित कर बांगरण बाईपास पर स्थित अनौपचारिक लेबर चौक को किसी सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की जोरदार मांग उठाई है।

“जानमाल के खतरे और ट्रैफिक जाम का बना रहता है अंदेशा”

विकास मंच की ओर से अवगत कराया गया है कि बांगरण बाईपास पर प्रतिदिन प्रातःकाल सैकड़ों की संख्या में मजदूर रोजगार की तलाश में एकत्र होते हैं। चूंकि यह मुख्य मार्ग भारी वाहनों की आवाजाही का प्रमुख जरिया है, इसलिए सुबह के समय यहां भारी भीड़ जुटने से भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। हालांकि मंच ने इस बात पर भी जोर दिया है कि क्षेत्र के भवन निर्माण और कृषि कार्यों में इन मजदूरों का महत्वपूर्ण योगदान है तथा स्थानीय लोगों को इनकी आवश्यकता भी है, परंतु इस व्यस्त बाईपास पर तीव्र गति के यातायात के बीच अनियंत्रित भीड़ के कारण हर समय किसी बड़े हादसे या गंभीर सड़क दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है।

“सुझाए गए ये दो सुरक्षित विकल्प”

जनहित और सड़क सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए श्री पांवटा साहिब विकास मंच ने प्रशासन के समक्ष लेबर चौक को शिफ्ट करने के लिए दो प्रमुख विकल्प रखे हैं:

1. गोविंद घाट बैरियर के समीप स्थित खुले स्थान पर..

2. पुलिस थाना पांवटा साहिब के ठीक सामने स्थित पार्किंग स्थल के पास..

मंच का मानना है कि लेबर चौक के इन प्रस्तावित सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने से जहां एक ओर मजदूरों को व्यवस्थित रूप से खड़े होने की सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर बांगरण बाईपास पर सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था बहाल होगी और संभावित दुर्घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकेगा।

विकास मंच ने प्रशासन से उम्मीद जताई है कि इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर शीघ्र ही उचित दिशा-निर्देश जारी कर ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Related posts

Leave a Comment