किन्नर गुटों में बधाई के इलाके को लेकर खूनी संघर्ष, हरियाणा के गुंडों समेत 4 लोग गिरफ्तार , FIR दर्ज
ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
पावंटा साहिब में बधाई और नेग मांगने के क्षेत्र यानी इलाके पर अतिक्रमण को लेकर एक किन्नर ग्रुप ने कुछ नॉन किन्नरों के साथ मिलकर स्थानीय किन्नर महंत ज्योति पर दूसरी बार जानलेवा हमला कर दिया। कुछ दिनों पहले हुए इस हमले में मामला दर्ज होने के बाद कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है मगर, हिमाचल में आकर कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले दो नॉन किन्नर हमलावरअब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। ऐसे में यहां फिर से कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की संभावना पैदा हो गई है।
बताते चलें कि पांवटा साहिब में कुछ महीने पहले दो गुटों के बीच गैंगवार शुरू हो गई थी। जिसके चलते क्षेत्र में दहशत और डर का माहौल बन गया था। उक्त दोनों गुटों में कई बार खूनी संघर्ष हुआ और गोली भी चली। हालांकि स्थानीय पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों गुटों के टकराव को रोकने में सफलता हासिल की थी मगर, अब किन्नर समुदायों के टकराव में नॉन किन्नरों और आपराधिक प्रकृति के लोगों के जुड़ने से यहां फिर से टकराव की स्थिति और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के आसार नजर आ रहे हैं।
दरअसल, पांवटा क्षेत्र की एडवोकेट ज्योति महंत पर लाठी-डंडों और लातों-घूसों से बेरहमी से हमला हुआ था। ज्योति महंत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह अपनी साथियों के साथ बातामंडी स्थित बालाजी कंपनी में दिवाली का शगुन लेने गई थीं। इस दौरान दूसरे गुट की राज कुमारी महंत अपने साथियों के साथ वहां पहुंची और राज कुमारी महंत के साथ आए हरियाणा के छछरौली निवासी बदमाशों—जस्सी, समीर, शहजाद उर्फ गेंटा, फुरकान और 3 अन्य अज्ञात लोगों ने घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में महंत ज्योति बुरी तरह घायल हो गई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की 5 गंभीर धाराएं लगाई हैं। पीड़िता ज्योति महंत ने बताया कि आरोपी बेहद बदमाश किस्म के हैं। आरोपी अक्सर उनके इलाके में दखलअंदाजी करने के लिए हरियाणा से बाहरी गुंडे बुलाकर उन्हें और उनके शिष्यों को जान से मारने की धमकियां भी देते हैं। बता दें कि इससे पहले भी मार्च 2026 को इन्ही आरोपियों ने ज्योति महंत के साथ मारपीट की थी। ऐसे में महंत ज्योति ने आशंका जताई है कि उनके उपर और भी हमला हो सकता है। जान से मारने की धमकियां भी दी गई हैं।
स्थानीय किन्नर समाज ने मांग की है कि फरार नॉन किन्नर आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। उधर, एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस इस मामले में तत्परता से कार्यवाही कर रही है। इस मामले में कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। यदि आरोपी फरार हैं उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
