ऊंचे इलाकों में हिमपात और बारिश से बढ़ी ठंड, 15 अक्तूबर तक यैलो अलर्ट

ऊंचे इलाकों में हिमपात और बारिश से बढ़ी ठंड, 15 अक्तूबर तक यैलो अलर्ट

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल में अक्तूबर माह में ही सर्दी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को रोहतांग दर्रे और शिंकुला समेत राज्य के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में ताजा हिमपात हुआ, जबकि शिमला सहित कई मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला में दोपहर के समय अचानक अंधेरा छाने के कारण वाहन चालकों को लाइटें जलाकर चलना पड़ा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों और दिनभर के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। कांगड़ा में 31.2, सराहन में 30.1, ऊना में 22, धर्मशाला में 12.1, पालमपुर में 11, सोलन में 10, सुंदरनगर में 5.6, शिमला में 4 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा मनाली, सुंदरनगर, मंडी और कुफरी में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण राज्य में आगामी 15 अक्तूबर तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और भारी बारिश/बर्फबारी को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 से 15 अक्तूबर के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि, 16 और 17 अक्तूबर को मौसम के साफ होने की उम्मीद है और इन दोनों दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। प्रशासन ने खराब मौसम के चलते लोगों और पर्यटकों को ऊंचे इलाकों में न जाने की सलाह दी है।

Related posts

Leave a Comment