ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल में सूखी ठंड का असर लगातार तेज होता जा रहा है। एक ओर जनजातीय क्षेत्रों में रात का पारा जमाव बिंदु से नीचे लुढ़क गया है, वहीं निचले और नदी किनारे बसे मैदानी इलाकों में सुबह के समय घने कोहरे ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को मंडी जिले के सुंदरनगर में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर महज 70 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि दिन चढ़ने के साथ प्रदेश भर में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में आगामी 28 नवम्बर तक बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। नवम्बर महीने में अब तक सामान्य से 70 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है, जिसके चलते राज्य में शुष्क ठंड बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट आई है।
लाहौल-स्पीति का ताबो माइनस 4.6 डिग्री सैल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके अलावा कुकुमसेरी में माइनस 2.4 और केलांग में माइनस 0.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख शहरों में कल्पा में 1.9, मनाली में 3.4, सुंदरनगर में 6.2, सोलन व पालमपुर में 6.5, कुफरी में 7.1 और राजधानी शिमला में 7.5 डिग्री सैल्सियस तापमान रहा। पांवटा साहिब 16.0 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के अनुसार पालमपुर, नाहन, बिलासपुर और चम्बा में रात का पारा सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। शुष्क मौसम के चलते सुबह और शाम की ठिठुरन अभी और बढ़ने की संभावना है।
