
*सखौली पंचायत के पारवा ल्वागो स्कूल में अध्यापकों के नदारद रहने पर ग्रामीण भड़के*

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

सखौली पंचायत के राजकीय प्राथमिक पाठशाला पारवा ल्वागो में अध्यापकों के लगातार नदारद रहने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में तैनात दोनों अध्यापक अक्सर स्कूल से गायब रहते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

पारवा ल्वागो गांव के ग्रामीण नारायण सिंह, नरेश कुमार, सुनील कुमार, अशोक कुमार, अजय कुमार, संदीप कुमार, अमित कुमार, दया राम, बसती राम, विनोद कुमार, जगत सिंह, सुरेंद्र सिंह, कुंदन सिंह आदि ने बताया कि इस स्कूल में कुल 13 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जब आज वे स्कूल पहुंचे तो आज भी दोनों अध्यापक गायब थे। स्कूल में केवल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही मौजूद था। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति आज की नहीं है, बल्कि अक्सर यही हाल रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस स्कूल में दलित समाज के बच्चे ही शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। ऐसे में अध्यापकों की लापरवाही से गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। बच्चों को समय पर पढ़ाई नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों अध्यापक जब स्कूल आते भी हैं तो 11 बजे स्कूल पहुंचते हैं और 1 बजे तक स्कूल से निकल जाते हैं। इससे बच्चों को मात्र दो घंटे ही पढ़ाई मिल पाती है। कई बार तो पूरा दिन स्कूल में अध्यापक ही नहीं आते।
ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग को अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से दोनों अध्यापकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल में अध्यापकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो और लापरवाह अध्यापकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
