
ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल से एक बेहद हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। चलती बाइक पर पीछे सवार 55 वर्षीय खजान सिंह (निवासी जामु कोटी, रेणुका जी) की संदिग्धावस्था में गोली लगने से जान चली गई, जबकि बाइक चला रहा उनका चचेरा भाई रविंद्र बाल-बाल बच गया। वारदात में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि घटना घटने के लगभग आठ घंटे बीत जाने तक किसी को भी गोली चलने अथवा खजान सिंह को गोली लगने की भनक तक नहीं लगी।

मामले की पूरी परतें तब उधड़ीं, जब शाम लगभग चार बजे रविंद्र की नजर अपने हेलमेट पर पड़ी और उसमें गोली के सुराख का निशान दिखाई दिया। ध्यान से देखने पर हेलमेट के अंदर से गोली भी बरामद हुई। शुरुआती आकलन के मुताबिक, गोली खजान सिंह के सिर को भेदती हुई निकली और आगे बैठे रविंद्र के हेलमेट में जा अटकी। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस को सूचित किया गया, जिससे पूरी घटना ने नया मोड़ ले लिया।

प्राप्त विवरण के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे 31 वर्षीय रविंद्र और खजान सिंह शिलाई उपमंडल की कोटी उतरो पंचायत स्थित एक रिश्तेदारी में मेहमाननवाजी के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। सफर के दौरान रास्ते में अचानक रविंद्र को अहसास हुआ कि पीछे बैठे खजान सिंह सुधबुध खो बैठे हैं और देखते ही देखते बाइक से नीचे गिर गए। उस वक्त रविंद्र को न तो किसी तरह की फायरिंग की आवाज सुनाई दी और न ही यह आभास हुआ कि खजान सिंह को गोली लगी है। बदहवास स्थिति में खजान सिंह को पहले उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन लाया गया।
हादसे की शुरुआत में परिजनों और साथ मौजूद लोगों ने माना कि शायद रास्ते में कोई पत्थर आकर सिर पर लगा होगा। इसके बाद रविंद्र पांवटा साहिब से वापस अपने गांव जामू कोटी के पास लौट आया। हालांकि शाम के समय हेलमेट में गोली का सुराख दिखने और भीतर से गोली मिलने के बाद घटना को लेकर सस्पेंस गहरा गया। सूचना मिलते ही नाहन से अतिरिक्त थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शाम लगभग 6:15 बजे रविंद्र के बयान दर्ज किए।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज नाहन में होने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और गोलीकांड से जुड़े अन्य तथ्यों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल शिलाई पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश आगे बढ़ा रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि चलती बाइक पर खजान सिंह को निशाना किसने बनाया और गोली किस दिशा से चली? क्या यह जंगल में किसी शिकारी द्वारा असावधानी में चलाई गई गोली थी, पुरानी रंजिश का परिणाम था या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है? सुबह सात बजे घटी इस पहेली का सुराग शाम चार बजे हेलमेट से मिला, लेकिन हमलावर और वारदात की असल वजह अब भी रहस्य बनी हुई है। सबकी नजरें नाहन मेडिकल कॉलेज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिसिया जांच पर टिकी हैं।
