
ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। कुंहट गांव के पास गाड़ी को सड़क पर असुरक्षित तरीके से खड़ा करने और हैंडब्रेक व ओट न लगाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में गाड़ी के भीतर बैठे वाहन मालिक की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस थाना शिलाई में चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत में रणदीप चौहान (पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव कुंहट, डाकघर व तहसील शिलाई) ने बताया कि 9 नवंबर की सुबह वह, मोहन सिंह और यशपाल गाड़ी नंबर (HP 17B-0718) में सवार होकर अपने गांव कुंहट से घासण घास लाने गए थे। वाहन को चालक यशपाल (पुत्र खजान सिंह) चला रहा था, जबकि चालक के साथ कंडक्टर सीट पर गाड़ी के मालिक मोहन सिंह बैठे थे और शिकायतकर्ता रणदीप चौहान पिछली सीट पर सवार था।

शिकायत के अनुसार, जब तीनों लोग घास लेकर वापस कुंहट पहुंचे, तो सुबह करीब 10:30 बजे चालक यशपाल ने गाड़ी को बीच सड़क में ही रोक दिया। इसके बाद चालक यशपाल और पीछे बैठे रणदीप चौहान घास उतारने के लिए नीचे उतर गए, जबकि गाड़ी के मालिक मोहन सिंह गाड़ी के अंदर ही बैठे रहे।
इसी दौरान अचानक गाड़ी बिना नियंत्रण के पीछे की ओर लुढ़क गई और सीधे नीचे गहरी ढांग में जा गिरी। इस अप्रत्याशित घटना में वाहन के भीतर बैठे मोहन सिंह गंभीर रूप से फंस गए, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि यह हादसा पूरी तरह से चालक यशपाल सिंह की लापरवाही और असावधानी के कारण हुआ है, जिसने गाड़ी को असुरक्षित जगह पर खड़ा किया और बिना हैंडब्रेक या टायर में ओट (गुटका) लगाए वाहन से नीचे उतर गया।
घटना की सूचना मिलते ही शिलाई पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा हादसे के अन्य पहलुओं की गहनता से छानबीन की जा रही है।
