*विशेष प्रावधानों से कोरगा निवासी सोमी को मिल रही सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पात्र परिवार को योजनाओं से जोड़कर विभाग ने पेश की संवेदनशीलता की मिसाल*
ऑनलाइन न्यूज़ नेट्वर्क (ONN)
प्रदेश सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं जरूरतमंदों के जीवन में आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ उनके सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी दिशा में जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कोरगा निवासी सोमी को विशेष प्रावधानों के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
जिला कल्याण अधिकारी गवा सिंह नेगी ने बताया कि सोमी की केवाईसी पूर्ण न होने के कारण पेंशन से संबंधित मामला विभाग के संज्ञान में आया था। इसके उपरांत विभाग ने मामले पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए विशेष प्रावधानों के तहत उन्हें बिस्तर पर रहने वाले लाभार्थियों की सूची में शामिल किया। इसके परिणामस्वरूप उन्हें जुलाई माह से नियमित रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा संबंधित परिवार के अन्य पात्र सदस्यों को भी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सोमी के भाई को दिव्यांगता पेंशन तथा उनकी माता जी को सहारा पेंशन नियमित रूप से प्रदान की जा रही है। इस प्रकार विभाग द्वारा परिवार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पात्र सदस्यों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, बिस्तर पर रहने वाले व्यक्तियों, विधवाओं, निराश्रितों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के लिए संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दिव्यांग एवं बिस्तर पर रहने वाले लाभार्थियों की विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा आवश्यक प्रावधान किए गए हैं, ताकि दस्तावेजी औपचारिकताओं के कारण पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें। विभाग का प्रयास है कि जरूरतमंद व्यक्तियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए उन्हें समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभ उपलब्ध करवाया जाए।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन अथवा अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए संबंधित विभागीय कार्यालय से संपर्क करें, ताकि पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके।
श्री सोमी का मामला इस बात को रेखांकित करता है कि विशेष परिस्थितियों में पात्र लाभार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभागीय स्तर पर उचित कार्रवाई करना सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनकल्याणकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
