पुलिस… मम्मी-पापा ने फंदा लगा लिया, 7 साल के बच्चे ने रोते हुए 112 नंबर पर की कॉल; सिरमौर की घटना
ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजगढ़ की पंचायत कोठिया जाजर के गांव मयोग में सोमवार को किराये के कमरे में रह रहे पति-पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है महिला ने यह दूसरी शादी की थी।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अजय उर्फ परमील पुत्र स्व. भाग सिंह निवासी गांव कोटला मागंन डाकघर काथली भरण तहसील व थाना राजगढ़ और 33 वर्षीय ममता पुत्री स्व. जगमोहन सिंह निवासी गांव बाग धमनिया डाकघर डिम्बर तहसील व थाना राजगढ़ जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस को घटना की जानकारी बच्चों ने 112 नंबर पर कॉल कर दी। 7 साल के बड़े बच्चे ने रोते हुए पुलिस को बताया कि मम्मी-पापा ने फंदा लगा लिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही राजगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया गया।
इस घटना के बाद से दो बच्चों के ऊपर से माता-पिता का साया उठ गया है। घटना ने क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया है। पंचायत कोठिया जाजर की प्रधान ममता कुमारी ने बताया कि गांव मयोग में पति-पत्नी ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक दंपती के दो लड़के भी हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पति-पत्नी ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। आत्महत्या के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
