ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
सिरमौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ नाहन डिटेक्टिव सेल और पुलिस थाना कालाअम्ब की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30.40 ग्राम अवैध चिट्टा (हेरोइन) और 47,800 रुपये की ड्रग मनी के साथ पांच अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, डिटेक्टिव सेल नाहन और कालाअम्ब पुलिस की टीम गश्त के दौरान खैरी पुल मुख्य सड़क (कालाअम्ब-त्रिलोकपुर) के पास तैनात थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि हरियाणा नंबर की एक कार (HR 26BK 7722) में पांच लोग सवार हैं, जो काफी समय से हरियाणा से अवैध मादक पदार्थों की खेप लाकर काला आम्ब और त्रिलोकपुर क्षेत्र में बेचने का धंधा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली।
वाहन की सघन तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30.40 ग्राम हेरोइन/चिट्टा तथा बिक्री से अर्जित 47,800 रुपये नकद बरामद किए। मामले में पुलिस ने गाड़ी में सवार सभी पांचों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया, जिनमें हरियाणा और नाहन के स्थानीय निवासी शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण इस प्रकार है: विकास कुमार उर्फ विक्की पुत्र भीम सिंह, फतेहाबाद (हरियाणा); राकेश मिश्रा पुत्र हर्षित मिश्रा, निवासी मकान नंबर 243, शिव कॉलोनी, कालाअम्ब, नारायणगढ़, अंबाला (हरियाणा); विक्की सैनी पुत्र चंद्र प्रकाश, निवासी मकान नंबर 238, नजदीक पुनम नर्सिंग होम, कालाअम्ब, अंबाला (हरियाणा); निखिल पुत्र अशोक कुमार, निवासी मकान नंबर 421/11, वाल्मीकि बस्ती, नाहन, हिमाचल प्रदेश; तथा शिवानी पत्नी वासु कुमार, निवासी मकान नंबर 253, वाल्मीकि बस्ती, नाहन, हिमाचल प्रदेश, जो गाड़ी की पिछली सीट पर बैठी पाई गईं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कालाअम्ब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के इस अवैध नेटवर्क की जड़ें कहां तक फैली हैं और यह खेप कहां से लाई जा रही थी, इसको लेकर आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।
