Sirmaur: एसपी सिरमौर के आदेश पर खनन माफिया के खिलाफ बड़ा एक्शन, ट्रैक्टर-डंपर समेत 39 वाहन जब्त

Sirmaur: एसपी सिरमौर के आदेश पर खनन माफिया के खिलाफ बड़ा एक्शन, ट्रैक्टर-डंपर समेत 39 वाहन जब्त
Description

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

Description

जिला सिरमौर में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया को करारा झटका दिया है। एसपी सिरमौर के निर्देशानुसार 19 और 20 जनवरी को चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 39 वाहनों को जब्त (इम्पाऊंड/डिटेन) किया गया है। जब्त किए गए वाहनों में ट्रैक्टर, डंपर और ट्राला शामिल हैं, जो खनन अधिनियम व मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन में संलिप्त पाए गए। पुलिस के अनुसार यह अभियान अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश देने के उद्देश्य से चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नदी-नालों, खनन संभावित क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर विशेष नाकाबंदी और चैकिंग की गई।

Description

जिला पुलिस के अनुसार पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 19 वाहन जब्त किए गए। इसके बाद नाहन थाना क्षेत्र से 7 वाहन, पुरुवाला थाना क्षेत्र से 4 वाहन, माजरा थाना क्षेत्र से 3 वाहन पकड़े गए। वहीं रेणुका जी और पच्छाद थाना क्षेत्रों में 2-2 वाहन जब्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त राजगढ़ और कालाअम्ब थाना क्षेत्रों से 1-1 वाहन पुलिस कार्रवाई की जद में आए।

Description

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग और मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related posts

Leave a Comment