ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है. पुलिस चौकी सैंज में एक कार अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में गिर गई. हादसे के बाद से वाहन चालक लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
मैकेनिक ने आंखों के सामने देखा मंजर
निरमंड ने पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सोमवार, 15 जून की शाम करीब छह बजे की है. दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शी मानसुख, निवासी गांव लभोरा ने बताया कि लुहरी-आनी सड़क पर नौरी के समीप हादसा पेश आया. वह नौरी में ‘ऑटो मोबाइल’ मोटर मैकेनिक की दुकान चलाता है. घटना के समय वह अपनी दुकान से नीचे सतलुज नदी की तरफ गया था. इसी दौरान उसने देखा कि पराशन की ओर से लुहरी-सैंज की तरफ जा रहा एक सफेद और सिल्वर रंग का वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया. देखते ही देखते वाहन पहाड़ी ढलान पर एक बार पलटा और सीधे सतलुज नदी के बीचों-बीच जा समाया. नदी का बहाव तेज होने के कारण कार पलक झपकते ही पानी में विलीन हो गई.
प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है. पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि यह हादसा चालक द्वारा वाहन को अत्यधिक तेज और लापरवाही से चलाने के कारण हुआ है, जिससे वह मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार नदी में गिर गई.
वाहन चालक की तलाश में जुटी टीम
मामले की जांच पुलिस चौकी सैंज के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल राकेश (नं. 82) द्वारा की जा रही है. पुलिस प्रशासन नदी में डूबे वाहन और उसमें सवार लोगों (चालक व अन्य संभावित सवारियों) के बारे में पुख्ता जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।. नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए कार का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं. सतलुज नदी में लूहरी-सुन्नी मार्ग पर हुई घटना को लेकर वाहन और सवारों की तलाश में एनडीआरएफ और प्रशासन का सर्च ऑपरेशन मंगलवार को फिर शुरू हो गया है. अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है. -नरेश शर्मा, डीएसपी, रामपुर
