बड़ा उलटफेर : हिमाचल की इस पंचायत में चार माह बाद रिकॉउंटिंग में 44 मतों से जीती महिला प्रधान..
ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश में मई महीने के अंत में पंचायत चुनाव हुए थे. चंबा के सलूणी में पंचायत चुनाव के चार महीने बाद रिकाउंटिंग में भारती ठाकुर ठाकरी मट्टी पंचायत की प्रधान घोषित हुई. उन्होंने संतोष कुमारी को 44 मतों से हराया, जिससे चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठे.
चंबा. हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव हुए चार महीने बीत गए हैं. हालांकि, चार महीने बाद दोबारा रिकाउंटिंग में हारी हुई महिला प्रत्याशी को विजेता घोषित किया गया है. चंबा जिले के सलूणी विकासखंड की ठाकरी मट्टी पंचायत में प्रधान पद के लिए परिणाम अब बदल गया है.
हिमाचल के चंबा में पंचायत चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. ठाकरी मट्टी पंचायत में 26 मई को प्रधान पद के लिए हुई वोटिंग में हारने वाली प्रत्याशी भारती ठाकुर को अब दोबारा मतगणना के बाद विजेता घोषित किया गया है. रिकाउंटिंग में भारती ठाकुर ने संतोष कुमारी को 44 मतों के अंतर से हराया. उस दौरान 1167 लोगों ने वोट डाला था.
दरअसल, सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उस दौरान भारती ठाकुर को हार का सामना करना पड़ा था, जबकि चार महीने बाद हुई दोबारा मतगणना में वह विजेता बनीं हैं. ऐसे में कहीं ना कहीं चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, डलहौज़ी विधानसभा क्षेत्र की ठाकरी मट्टी पंचायत में प्रधान पद के लिए 26 मई को वोटिंग हुई थी. उस समय संतोष कुमारी को 597 वोट, जबकि भारती ठाकुर को 561 वोट मिले थे. पहली गिनती के आधार पर संतोष कुमारी को विजेता घोषित किया गया था और भारती ठाकुर दूसरे स्थान पर रही थीं.
पहली मतगणना के परिणाम से संतुष्ट नहीं होने पर भारती ठाकुर ने चुनाव परिणाम को चुनौती देने का फैसला किया. उन्होंने निर्धारित अवधि के भीतर एसडीएम सलूणी के समक्ष चुनाव याचिका दायर की और मतों की दोबारा गिनती करवाने की मांग की. चुनाव याचिका पर सुनवाई के बाद एसडीएम सलूणी की ओर से प्रधान पद के मतों की दोबारा गिनती करवाने के निर्देश दिए गए. इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद के मतों की रिकाउंटिंग करवाई गई.
अब जब दोबारा गिनती हुई तो भारती ठाकुर को 601 वोट मिले, जबकि संतोष कुमारी को 557 वोट मिले. इस तरह भारती ठाकुर ने संतोष कुमारी को 44 मतों से पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की. रिकाउंटिंग के दौरान पांच मत अवैध पाए गए. वहीं चार मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना था.
बीडीओ सलूणी कंवर सिंह ने बताया कि मई में हुए चुनाव में संतोष कुमारी जीती थी और भारती दूसरे नंबर पर रही थी. 26 मई के रिजल्ट और दोबारा रिकाउंटिंग में नतीजा बदल गया.
रिकाउंटिंग एसडीएम सलूणी के निर्देशों के तहत उनकी मौजूदगी में करवाई गई. दोबारा मतगणना के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी और इस कमेटी में सीडीपीओ, एसईपीओ और जेई को शामिल किया गया था. कमेटी की मौजूदगी में मतों की दोबारा गिनती की गई और इसके बाद दोनों प्रत्याशियों के मतों का मिलान किया गया.
कंवर सिंह ने बताया कि परिणाम सामने आने पर भारती ठाकुर को 601 और संतोष कुमारी को 557 वोट मिले. इसके बाद भारती ठाकुर को ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद का विजेता घोषित किया गया.
भारती ठाकुर ने बताया कि पहली मतगणना के बाद उन्होंने निर्धारित समय के भीतर एसडीएम सलूणी के समक्ष चुनाव याचिका दाखिल की थी. उनका कहना है कि उन्हें पहली गिनती में हार का परिणाम बताया गया था, लेकिन उन्होंने परिणाम को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज करवाई और दोबारा मतगणना की मांग की. अब रिकाउंटिंग के बाद उन्हें 44 मतों से विजेता घोषित किया गया है. अब ठाकरी मट्टी पंचायत में सीमा प्रधान का पद संभालेंगी.
