10.8 C
New York
Thursday, September 24, 2026

Buy now

सिरमौर के सरकारी स्कूलों में अब AI की पढ़ाई, विधायक सोलंकी और DC ने रवाना की डिजिटल वैन

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

उपायुक्त कार्यालय परिसर नाहन में बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नाहन के विधायक अजय सोलंकी और उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बच्चों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्रदान करने वाली ‘मोबाइल कंप्यूटर वैन (लैब)’ को रवाना किया। यह वैन सीधे दूर-दराज के सरकारी स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को डिजिटल साक्षरता और कंप्यूटर की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराएगी।

इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ‘ब्लू स्टार’ और उनके प्रबंधन मंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कंपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत समाज सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है। ब्लू स्टार कंपनी ने पिछले तीन वर्षों के दौरान क्षेत्र के 12 स्कूलों को गोद लेकर वहां स्थायी कंप्यूटर लैब स्थापित की हैं, जिससे हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिला है।

इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब इस अत्याधुनिक मोबाइल कंप्यूटर वैन की शुरुआत की गई है, जो आगामी तीन वर्षों तक निरंतर अपनी सेवाएं देगी। इस चलती-फिरती लैब में पहली से बारहवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर ज्ञान के साथ-साथ वर्तमान समय की आवश्यकता यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स और डिजिटल स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उन ग्रामीण व सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा, जहां बुनियादी साधनों की कमी रहती है।

योजना के शुरुआती चरण में वैन कैंट स्कूल, मोगीनंद स्कूल और सैनवाला स्कूल का दौरा करेगी। इसके लिए एक विशेष साप्ताहिक शेड्यूल तैयार किया गया है, जिसके तहत वैन नियमित रूप से निर्धारित स्कूलों में जाकर बच्चों की कक्षाएं लेगी और उनके द्वारा सीखे गए विषयों का रिवीजन भी करवाएगी। विधायक सोलंकी ने बताया कि ब्लू स्टार के साथ-साथ क्षेत्र की अन्य औद्योगिक इकाइयां भी स्कूलों में पीने के ठंडे पानी (वाटर कूलर), बैठने के लिए डेस्क और कमरों के निर्माण जैसे कार्यों में सीएसआर फंड का सदुपयोग कर सहयोग दे रही हैं।

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles