ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, बर्फाबारी दर्ज की गई है, इसके साथ ही कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई है. बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. हालांकि कुछ जगहों पर तेज आंधी से नुकसान की भी खबरें हैं. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई स्थानों पर आज भी हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है.
हिमाचल में बारिश/बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर के चलते 24, 25, 28 और 29 मई को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं. आज रविवार, 24 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, मैदानी एवं निचले पर्वतीय क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है. मध्य पर्वतीय क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने का आसार हैं. वहीं, उच्च पर्वतीय क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है.
हिमाचल में अधिकतम तापमान फिर से 41 के पार
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 3-7 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है. ताबो प्रदेश की सबसे ठंडी जगह रही, जहां न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना सबसे गर्म रहा. ऊना में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अगले 4-5 दिनों के दौरान प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान 2-5°C की वृद्धि की संभावना है. वहीं, इस दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3-7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है.
जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के मणिकर्ण कसोल सड़क मार्ग पर दोपहर के समय अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पेड़ टूट कर नीचे सड़क पर आ गिरा. वहीं, सड़क से गुजर रही एक गाड़ी भी पेड़ की चपेट पर आ गई. गनीमत यह रही कि पेड़ गाड़ी के अगले हिस्से पर जा गिरा. इसके चलते गाड़ी के अगले हिस्से को नुकसान हुआ और गाड़ी में बैठे हुए सभी सैलानी सुरक्षित बच गए. वरना पेड़ गिरने के चलते बड़ा हादसा भी पेश आ सकता था. वही पेड़ के गिरने के चलते सड़क मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित हो गया है. सूचना मिलते ही मणिकर्ण पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, सैलानियों से भरी एक गाड़ी मणिकर्ण से वापस भुंतर की ओर आ रही थी, तभी कसोल के साथ लगते जंगल से तूफान के कारण एक बड़ा पेड़ टूट कर नीचे आ गिरा. सड़क पर चल रही गाड़ी इसकी चपेट में आ गई. वहीं, इस हादसे को देख अन्य वाहन चालक भी डर गए और सभी ने अपनी गाड़ियां सुरक्षित स्थानों पर लगा दी. ऐसे में तूफान के चलते अब टैक्सी चालकों में भी डर का माहौल बना हुआ है. क्योंकि बीते दिनों ही आनी उपमंडल में भी एक पेड़ गिरने के चलते चार लोगों की मौत हो गई थी.
