ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
शिमला में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 1 करोड़ रुपये की कीमत की LSD ड्रग्स बरामद की है। न्यू शिमला थाना क्षेत्र के BCS स्थित हिम निवास में छापेमारी के दौरान 562 स्ट्रिप्स LSD (करीब 11.5 ग्राम) जब्त की गई।
इस मामले में संदीप शर्मा और प्रिया शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पिछले 10 साल से इस तस्करी में शामिल था। मामला NDPS Act के तहत कमर्शियल क्वांटिटी का है, जिसमें 20 साल तक की सजा हो सकती है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में 40 वर्षीय संदीप शर्मा और 26 वर्षीय प्रिया शर्मा शामिल हैं। संदीप शर्मा पंजाब के मोगा जिले के धर्मकोट क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि प्रिया शर्मा सिरमौर जिले के ददाहू इलाके की निवासी है।
एएसपी अभिषेक ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब के युवक और सिरमौर की युवती से 11.57 ग्राम एलएसडी (लिसेर्जिक एसिड डायथाइलैमाइड ) बरामद किया गया है। यह प्रतिबंधित ड्रग है और इसमें 20 साल तक की सजा का प्रावधान है। एएसपी अभिषेक ने बताया आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि लिसेर्जिक एसिड डायथाइलैमाइड यानी एलएसडी एक मादक पदार्थ है जिसमें सिंथेटिक केमिकल होता है। इसका ना कोई रंग होता है, न कोई खुशबू और न ही कोई स्वाद लेकिन इसका नशा बेहद खतरनाक होता है।
बताया जाता है कि इसे लेने के 15 से 20 मिनट में नशा शुरू हो जाता है और लंबे समय तक रहता है। इस नशे से कई तरह की समस्याएं धड़कनें बढ़ना, ब्लड प्रेशर की समस्या, नींद और भूख गायब होना, घबराहट महसूस होती है। यहां तक कि हार्ट अटैक भी आ सकता है। ये लिक्विड, पाउडर और ब्लॉट्स तीनों रूप में मिल जाती है।
