ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में भीषण अग्निकांड हुआ है. यहां पर कई सिलेंडर फटने से अर्की के निचले बाजार में आग लगी है. अब तक एक 8 साल के बच्चे की जिंदा जलने से मौत हो गई है, जबकि 9 लोग लापता बताए जा रहे हैं. 8 साल के बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है.
फिलहाल, राहत और बचाव का काम चल रहा है. अस्पतालों को भी अलर्ट भेजा गया है. डीसी सोलन ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
जानकारी के अनुसार, अर्की के निचले मेन बाजार में बीती रात को आग लग गई. चंद ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई दुकानें धू-धूकर जलकर राख हो गई. आगजनी के बीच कई सिलेंडर भी फटे और बाजार में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की जद्दोजहद शुरू कर दी, लेकिन लगातार हो रहे ब्लास्ट के चलते दमकल कर्मियों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. इस भीषण अग्निकांड में करोड़ों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि सोमवार अलसुबह 2 बजकर 45 मिनट पर अर्की बाज़ार के एक पुराने भवन में आग लग गई. अर्की अग्निशमन विभाग के साथ-साथ शिमला के बालुगंज, सोलन के बनलगी और अम्बुजा सीमेंट कम्पनी के अग्निशमन वाहनों को मौके पर भेजा गया था. उन्होंने कहा कि यह पुराना भवन लकड़ी का बना था और इस कारण आग बहुत तेज़ी से फैली थी. हालांकि, आग पर काबू पा लिया गया है.
डीसी ने बताया कि इस अग्निकांड में एक 8 वर्षीय बच्चे प्रियांश की दुःखद मृत्यु का समाचार है. उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को फौरी सहायता उपलब्ध करवाई गई है और अग्निकांड के जांच के आदेश दिए है.
बकौल डीसी अग्निकांड में दो लोग घायल हुए हैं. इनका उपचार नागरिक अस्पताल अर्की में किया जा रहा है. अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन तथा प्रशासन एवं पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंच रही है. यह दल पीड़ितों को वस्त्र एवं अन्य सहायता उपलब्ध करवाएगा.
क्या बोले सीएम..
शिमला में मीडिया से बातचीत में सीएम सुक्खू ने बताया कि आठ साल की बच्ची की मौत हुई है और कुछ लोगों के फंसने की सूचना हैं. स्थानीय विधायक संजय अवस्थी से उनकी फोन पर बात हुई है और वह मौके पर मौजूद हैं और फंसे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही हैं और एसडीआरफ की टीम पहुंची है. सीएम ने आग लगने के कारणों पर कहा कि अब तक यह पता नहीं चला है.
कैसे लगी आग..?
अब तक की चर्चाओं और मिली जानकारी के अनुसार, बाजार में एक घर में एक नेपाली मूल का परिवार रात को कमरे में जलती अंगीठी के साथ सोया था और यहीं से आग लगी. हालांकि, जांच के बाद ही असली कारणों का पता चल पाएगा. अर्की से विधायक संजय अस्वस्थी ने बताया कि आग पर तो काबू पा लिया गया है. उन्होंने बताया कि 15 मकान जलकर राख हो गए हैं. अर्की से कांग्रेस विधायक संजय अवस्थी ने बताया कि रात को दो-ढाई बजे के करीब यह आग लगी थी औऱ अब तक एक बच्चे की मौत हुई है. बिहार का यह प्रवासी बच्चा है. मौके पर एसडीआरफ की टीमों को भी बुलाया गया है.
पूर्व CM ने जताया दुख..
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि अर्की बाज़ार में हुए भीषण अग्निकांड की घटना अत्यंत पीड़ादायक हैं। इन हादसों से प्रभावित सभी पीड़ितों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं. ईश्वर सभी की रक्षा करें और घायलों को शीघ्र स्वस्थता प्रदान करें. स्थानीय लोगों एवं प्रशासन से आग्रह है कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने में सहयोग करें.
