ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के कसौली में एक शख्स का ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसे देखकर सुरक्षा एजेंसियां भी हैरान रह गईं। आरोपी सेना की वर्दी और बैज पहनकर घूम रहा था और खुद को सैन्य अधिकारी बता रहा था। शक होने पर मिलिट्री इंटेलिजेंस और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
सेना की वर्दी पहन घूम रहा था युवक
मिलिट्री इंटेलिजेंस की कसौली यूनिट को सूचना मिली थी कि गांव कोट और आसपास के इलाकों में एक व्यक्ति सेना की वर्दी और सेना के निशान लगाकर घूम रहा है। कसौली छावनी क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए MI ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस ने सुनारडी से आरोपी को पकड़ा
सूचना मिलते ही गढ़खल पुलिस चौकी प्रभारी ASI ललित कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने इलाके में तलाश शुरू की और आरोपी को सुनारडी क्षेत्र से पकड़ लिया।
होटल में शेफ का काम करता था आरोपी
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अर्पण कटोच के रूप में हुई है। वह कांगड़ा जिले के बैजनाथ के टिकरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी कसौली के एक निजी होटल में शेफ का काम करता था और सुनारडी गांव में किराये के मकान में रह रहा था।
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से सेना का एक लिकर कार्ड मिला। इस कार्ड पर आरोपी की सेना की वर्दी में फोटो और उसका नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने जब उससे वर्दी और कार्ड से जुड़े जरूरी दस्तावेज मांगे तो वह कोई सही कागज नहीं दिखा पाया।
सेना की वर्दी और कार्ड कहां से मिले, जांच जारी
परवाणू के DSP अनिल शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कसौली थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 168 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को सेना की वर्दी और कैंटीन कार्ड कहां से मिले और वह इन्हें पहनकर छावनी इलाके में क्यों घूम रहा था।
मंशा का भी पता लगा रही पुलिस
पुलिस इस मामले को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानकर जांच कर रही है। जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ अन्य जरूरी धाराएं भी लगाई जा सकती हैं।
