नाहन SDM को अज्ञात सिरफिरे ने दी धमकी, साइबर सेल ने शुरू की जांच

नाहन SDM को अज्ञात सिरफिरे ने दी धमकी, साइबर सेल ने शुरू की जांच

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

शहर में महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह के उपलक्ष्य में निकलने वाली शोभायात्रा के मार्ग (रूट) से संबंधित एक गंभीर मामला सामने आया है। 24 अक्टूबर को उप-मंडलाधिकारी (एसडीएम), नाहन को उनके मोबाइल नंबर पर रात करीब 08:37 बजे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से धमकी दी गई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि दिनांक 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले वाल्मीकि जयंती जुलूस का रूट बदला गया, तो इसके परिणाम बहुत बुरे होंगे।

एक प्रशासनिक अधिकारी को धमकी मिलने की इस घटना को सिरमौर जिला प्रशासन और पुलिस ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। एसडीएम नाहन की औपचारिक शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की तकनीकी शाखा और साइबर सेल द्वारा कॉल डिटेल रिकॉर्ड तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहराई से विश्लेषण किया जा रहा है ताकि कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति की शीघ्र पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

वाल्मीकि जयंती के जुलूस को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न करवाने के लिए नाहन शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा अतिरिक्त बल और रिजर्व बटालियन की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पूरे जुलूस मार्ग और शहर के प्रमुख चौराहों पर ड्रोन कैमरों तथा सीसीटीवी के जरिए निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश जारी किया है कि नाहन शहर में कानून-व्यवस्था, शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या असामाजिक तत्व द्वारा कानून अपने हाथ में लेने, भ्रामक अफवाहें फैलाने या सरकारी अधिकारियों को डराने-धमकाने का प्रयास करने पर बिना किसी ढील के सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts

Leave a Comment