ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में शातिर उचक्कों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब लोग अपने घर की दहलीज पर भी सुरक्षित नहीं हैं। शहर में दिनदहाड़े चोरी और टप्पेबाजी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां बैंक से नकदी निकालकर घर लौटे एक बुजुर्ग को बातों के जाल में उलझाकर शातिरों ने उनकी जेब से 50,000 रुपए की नकदी साफ कर दी। जैन मंदिर के समीप रहने वाले पीड़ित बुजुर्ग विजय कुमार जैन ने इस संबंध में डीएसपी नाहन को लिखित शिकायत सौंपकर शातिरों की धरपकड़ और अपनी जमापूंजी बरामद करवाने की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह वारदात 2 नवम्बर को दोपहर करीब 2:30 बजे पेश आई। पीड़ित विजय कुमार जैन स्थानीय बैंक से 50,000 रुपए की नकदी निकालकर अपने घर लौटे थे। उन्होंने यह रकम अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रखी हुई थी। जैसे ही वह जैन बाजार की गली में स्थित अपने मकान के मुख्य द्वार पर पहुंचकर ताला खोलने लगे, तभी वहां संदिग्ध परिस्थितियों में मंडरा रहे 3 से 4 युवक उनके इर्द-गिर्द आ खड़े हुए। पीड़ित का आरोप है कि इनमें से दो युवक उनके बेहद करीब आ गए और ध्यान भटकाने की नीयत से एक युवक ने उनसे बस स्टैंड जाने का रास्ता पूछा। इसी संवाद की आड़ में शातिरों ने बड़ी सफाई से उनकी जेब में हाथ साफ कर दिया और मौके से रफूचक्कर हो गए। वारदात के वक्त बुजुर्ग को अपनी जेब कटने की भनक तक नहीं लगी।
घटना के करीब एक घंटे बाद जब बुजुर्ग को जेब में रखे पैसों का ध्यान आया, तो जेब खाली पाकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने आनन-फानन में आसपास के इलाके में नकदी की तलाश की और बैंक जाकर भी पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके पश्चात जब बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो घर के बाहर मौजूद उन युवकों की संदिग्ध गतिविधियों ने पूरे खेल से पर्दा उठा दिया। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच कर आरोपियों की शिनाख्त करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है।
वहीं, इस मामले में शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए डीएसपी हैडक्वार्टर शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्ध युवकों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को बेनकाब किया जाएगा।
