ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
शहर के कच्चा टैंक क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला के साथ मारपीट और उसका रास्ता रोकने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में उसके पति, सास और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई अमल में लाई है।
पुलिस के अनुसार, जुलेखा पत्नी इमरान खान निवासी कच्चा टैंक नाहन ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने बच्चों को घर में सुला रही थी। इसी दौरान उसके पति इमरान खान, सास फिरदोस बेगम और अन्य रिश्तेदारों ने घर की सीढ़ियों पर लगे लोहे के गेट को ड्रिल मशीन से काटना शुरू कर दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोप है कि डर के कारण उसे छत से दूसरी छत पर छलांग लगाकर सड़क पर पहुंचना पड़ा।
इसके बाद वह पुलिस चौकी कच्चा टैंक जाने लगी। इसी दौरान कैंट चौक के सामने आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।
