Himachal : 4 बार के विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर
ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता नंद लाल (72) का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वे बीते कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और शिमला स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान, चमियाना में उनका इलाज जारी था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
नंद लाल किडनी और प्रोस्टेट से जुड़ी बीमारियों के साथ-साथ रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनका इलाज अस्पताल के विशेष वार्ड में चल रहा था।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार शाम उनसे मिलने अस्पताल गए थे और उनका हाल-चाल जाना था। वहीं, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नंद लाल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, “रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं 7वें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री नंद लाल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। नंद लाल जी अपने उसूलों पर अडिग रहने वाले और पार्टी के प्रति निष्ठावान नेता थे। उनका स्पष्ट विचारों वाला व्यक्तित्व सदैव याद किया जाएगा। वह सार्वजनिक जीवन में समाज के प्रति समर्पित रहे। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं संबल दें। मेरी गहरी संवेदनाएँ शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं।” उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी अपने साथी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नंद लाल ने अपना पूरा जीवन जनसेवा और रामपुर के विकास के लिए समर्पित कर दिया था। उनके निधन से राज्य ने एक समर्पित जनसेवक खो दिया है, और उन्होंने खुद एक मूल्यवान साथी को खो दिया है।
दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। नंद लाल 2007 में सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने के बाद राजनीति में आए थे। उन्होंने 2007, 2012, 2017 और 2022 के लगातार चार चुनावों में रामपुर विधानसभा सीट जीती थी। वे सातवें हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और विधानसभा की कल्याण समिति (वेलफेयर कमिटी) के प्रमुख भी थे। उनके निधन से पूरे रामपुर बुशहर क्षेत्र में शोक की लहर है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव ने एक संदेश में बताया कि नंद लाल का पार्थिव शरीर शिमला में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय, राजीव भवन लाया जाएगा, जहां पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे।
