ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
पांवटा साहिब के जाने-माने उद्योगपति एवं समाजसेवी गुरदीप सिंह गैरी एक पीड़ित परिवार का सहारा बनें हैं। उन्होंने न केवल गम्भीर घायल इकलौते युवक के उपचार को हाथ बढ़ाया है बल्कि बिना किसी दिखावे के 50 हज़ार की राशि भी तत्काल जारी की हैं।
दरअसल, बीते 28 अक्टूबर को राजबन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। जिसमें सिरमौरी ताल का युवक गौरव गम्भीर रूप से घायल हुआ। जिसके ईलाज के लिए गैरी ने ₹50,000 की नकद सहायता राशि सीधे अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सौंपी।
गौरतलब है कि राजबन के समीप हुए इस भयानक हादसे ने दो परिवारों को गहरे जख्म दिए हैं। दुर्घटना में गौरव के एक साथी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया था। गौरव इस समय देहरादून के सिनर्जी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और उस पर दो बहनों सहित पूरे परिवार के भविष्य की जिम्मेदारी है।

हादसे के बाद से ही गौरव के ईलाज में भारी-भरकम खर्च को उठाने में असमर्थ परिवार बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा था। इसी मुहिम की जानकारी मिलने पर गुरदीप सिंह गैरी खामोशी से देहरादून के सिनर्जी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां उपचाराधीन गौरव का हाल-चाल जाना, डॉक्टरों से उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली और मौके पर ही पीड़ित परिवार को ₹50 हजार देकर हौसला बढ़ाया। उनकी इस निस्वार्थ और गुप्त मदद ने संकट की इस घड़ी में बेबस माता-पिता को एक संबल और नई उम्मीद दी है।
