ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
पांवटा साहिब-शिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-707) पर किशनकोट (राजबन क्षेत्र) के समीप एक सड़क दुर्घटना पेश आई है। यहां एक बाइक के अनियंत्रित होकर आगे चल रहे पिकअप वाहन से टकराने के कारण 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसका 18 वर्षीय साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान विकेश पुत्र रंगीलाल, निवासी मालगी (राजबन) के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दूसरे युवक का नाम गौरव निवासी सिरमौरी ताल बताया गया है। दुर्घटना के तुरंत बाद घायल गौरव को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सैंटर रैफर कर दिया है।
हादसे के कारणों की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना उस समय हुई जब दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। किशनकोट के पास पहुंचने पर उनकी बाइक आगे चल रहे एक पिकअप वाहन के पिछले हिस्से से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, 26 वर्षीय युवक की इस असमय मौत की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव मालगी पहुंची तो परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
