चालदा महासू महाराज की देव यात्रा का पहला पड़ाव द्राबिल में, विदाई के महापर्व में उमडेगा आस्था का सैलाब
ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
शिलाई: चालदा महासू महाराज की हिमाचल से उत्तराखंड वापसी की ऐतिहासिक देव यात्रा का पहला रात्रि पड़ाव झकांडो खत के द्राबिल गांव में होगा। महाराज की सेवा का अवसर मिलने से झकांडो और बनोगे खत के सैकड़ों गांवों में हर्ष का माहौल है।
ख़त झकांडो के गांव द्राबिल स्थित महासू मंदिर में दोनों खतों के नंबरदारों की अध्यक्षता में आयोजित सभा में हजारों श्रद्धालुओं की व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं। झकांडो खत लंगर तैयार करेगा, बनोगे खत श्रद्धालुओं को भोजन परोसेगा, जबकि शिरी क्यारी पंचायत के नंबरदार चाय की व्यवस्था संभालेंगे।
द्राबिल के गब्दऊ भाट ने क्षेत्र की खश बिरादरी का आभार जताते हुए महाराज के काफिले में श्रद्धालुओं के आवागमन और वाहनों की व्यवस्था संभालने का जिम्मा लिया। ग्रामीणों का यह सामूहिक समर्पण महासू महाराज के प्रति अटूट आस्था और देवभूमि की सेवा परंपरा की मिसाल है।
