ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल में अगले दो दिनों तक मौसम साफ और शुष्क बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 मई को प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां थमी रहेंगी, जिससे किसानों और बागवानों को राहत मिलेगी। हालांकि, 11 मई से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं, जिसके प्रभाव से कई जिलों में मौसम बदल सकता है।
जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 11 से 14 मई के दौरान बिजली कड़कने और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश के आसार हैं। विशेष रूप से 12 और 13 मई को कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
वहीं, 11 मई के लिए मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

