हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने 10 महीने में लिया 10300 करोड़ का लोन: बिंदल
ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)-
आरटीआई के माध्यम से मिली सूचना के अनुसार वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पिछले 10 महीने में 10,300 करोड़ रू का लोन लिया है। इसके अतिरिक्त भी लगभग 1000 करोड़ रू का लोन सरकार ने अन्य संस्थाओं द्वारा लिया है। इसका मतलब 10 महीने में 11300 करोड़ रू लोन लिया गया अर्थात 5 साल की सरकार में 60 हजार करोड़ रू का लोन लेने की तैयारी वर्तमान कांग्रेस पार्टी की सरकार ने कर ली है।
डाॅ बिन्दल ने कहा कि ये 12000 करोड़ रू का लोन तो उस सूरत में होगा जब सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की सरकार ने एक भी नया संस्थान प्रदेश में नहीं खोला। एक भी पुराने संस्थान को स्तरोन्नत नहीं किया। स्वास्थ्य विभाग में एक भी डाॅक्टर की भर्ती नहीं की, एक भी पैरा मैडिकल की भर्ती नहीं की।
यही स्थिति शिक्षा व अन्य विभाग की हैं। प्रदेश में विकास कार्य बंद है, केवल वही कार्य चल रहे हैं जिन कार्यों पर केन्द्र सरकार से धन की स्वीकृति व धन प्राप्त हुआ है। बिंदल का यह कहना है कि वर्तमान प्रदेश सरकार की सभी व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। सर्वप्रथम आवश्यकता रहती है कानून व्यवस्था सुचारू रखी जाए।
प्रदेश में दिन दिहाड़े खून, बलात्कार, महिलाओं के साथ अत्याचार, दुर्व्यवहार आम बात हो गई है। सेब उत्पादक चार महीने तक फसल के प्रबन्धन के लिए तड़पता रहा परन्तु सरकार के विरोधाभासी फैसलों से बगवानों को भारी नुकसान पहुंचा।
पूर्व भाजपा सरकार के दौरान खोले गए 1500 से ज्यादा संस्थान बंद करने का निर्णय सरकार की जनविरोधी नीति का ज्वलंत उदाहरण है कि इस बड़े मुद्दे पर किसी भी प्रकार का जवाब जनता को नहीं दिया गया। जनता लगातार इंतजार कर रही है जिन गारंटियों के बूते पर कांग्रेस पार्टी ने सरकार बनाई वो गारंटियां कब पूरी होंगी।
