देवभूमि के पश्मी में आस्था का ऐसा महासंगम कि छोटा पड़ा गांव का हर रास्ता—हिमाचल-उत्तराखंड की साझा देव संस्कृति का दिखा अद्भुत नजारा..
ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
कंवर ठाकुर -पश्मी (गिरिपार) – ऋषि पंचमी के पावन अवसर पर गिरिपार के पश्मी गांव में महासू पंचमी का दो दिवसीय महाजागरण आस्था और भक्ति का ऐसा विराट संगम बना, जिसने क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया। महासू महाराज के चरणों में शीश नवाने के लिए हिमाचल और उत्तराखंड से 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पश्मी पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा पश्मी गांव महासू महाराज के जयकारों से गूंज उठा।

महासू महाराज के प्रति श्रद्धा का आलम यह रहा कि हिमाचल प्रदेश के उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान और उत्तराखंड सरकार में पर्यटन, संस्कृति एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज समेत कई दिग्गज नेताओं और गणमान्य लोगों ने पश्मी पहुंचकर महासू महाराज के चरणों में शीश नवाया।
रातभर गूंजे भक्ति के स्वर, झूमते रहे हजारों श्रद्धालु..
13 सितंबर की रात पश्मी में आयोजित विशाल जागरण में हिमाचल और उत्तराखंड के दो दर्जन से अधिक नामी लोक एवं भक्ति कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में झूमते रहे। गीत-संगीत और महासू महाराज के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

हिमाचल के प्रसिद्ध लोक कलाकार दिवान शिवान और राजेश त्यागी ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब रंग जमाया। वहीं इंडियन आइडल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकीं प्रियंका नेगी ने अपनी सुरीली आवाज से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्तराखंड के चर्चित लोक गायक अनूप चांटा और सन्नी देयाल समेत कई कलाकारों ने भी भक्ति और लोक संगीत की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
शाही स्नान यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र, उमड़ पड़ा जनसैलाब..
14 सितंबर को महासू महाराज के शाही स्नान की यात्रा ने महाजागरण की भव्यता को और बढ़ा दिया। शाही स्नान के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गांव की गलियां और आसपास के रास्ते श्रद्धालुओं से पट गए।
ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच महासू महाराज की पालकी और देव चिन्हों की भव्य यात्रा निकली। देव शक्तियों के प्रकट होने के अलौकिक दृश्यों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। हजारों लोगों ने महासू महाराज की पालकी और देव चिन्हों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आज फिर सजेगा महासू महाराज के दरबार में सुरों का महासंग्राम..
महासू पंचमी महाजागरण की 14 सितंबर की रात भी यादगार रहने वाली है। हिमाचल लोक गीतों के बादशाह विक्की चौहान, अजय चौहान और रघुवीर चौहान अपनी दमदार प्रस्तुतियों से माहौल में रंग भरेंगे। वहीं हिमाचल और उत्तराखंड के संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले अज्जू तोमर अपनी आवाज और अंदाज से श्रद्धालुओं को खूब झुमाएंगे।
पश्मी बना हिमाचल-उत्तराखंड की साझा आस्था का केंद्र..
महासू पंचमी का यह महाजागरण धार्मिक आयोजन से कहीं बढ़कर हिमाचल और उत्तराखंड की सदियों पुरानी साझा देव संस्कृति, परंपरा और भाईचारे का विराट उत्सव बनकर सामने आया। 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने साबित कर दिया कि महासू महाराज के प्रति लोगों की आस्था कितनी गहरी और अटूट है। पश्मी की धरती पर उमड़ा यह जनसैलाब लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में रहेगा।

