19.7 C
New York
Wednesday, August 26, 2026

Buy now

पांवटा साहिब में भाजपा युवा मोर्चा ने बद्रीपुर–पुरुवाला मार्ग पर ट्रालों को रोका, बिना नंबर प्लेट वाहनों पर उठाए सवाल..

पांवटा साहिब में भाजपा युवा मोर्चा ने बद्रीपुर–पुरुवाला मार्ग पर ट्रालों को रोका, बिना नंबर प्लेट वाहनों पर उठाए सवाल..

ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)

पांवटा साहिब। बद्रीपुर–पुरुवाला मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही से स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर लगातार उठाई जा रही मांगों के बावजूद जब प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थानीय लोगों को मजबूरन स्वयं आगे आना पड़ा। आज भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बद्रीपुर गुरुद्वारे के समीप ट्रालों को रोककर उनके कागजात की जांच की तथा चालकों को इस स्थानीय मार्ग के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग से जाने के लिए कहा।

इस दौरान एक गंभीर स्थिति भी सामने आई। पुलिस प्रशासन को फोन कर सूचना देने के बावजूद मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। वहीं, ट्रालों की जांच के दौरान कुछ वाहन बिना नंबर प्लेट के चलते हुए पाए गए, जबकि कुछ अन्य ट्रालों की नंबर प्लेटों पर काली पेंट/कालिख पुती हुई थी, जिससे उनके नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे थे। भाजपा युवा मोर्चा ने ऐसे वाहनों की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

गत दिवस उपमंडलाधिकारी द्वारा आश्वासन दिया गया था कि ट्रालों की आवाजाही और गति को नियंत्रित करने संबंधी अधिसूचना उस दिन जारी नहीं हो पाई थी तथा आज सुबह जारी कर दी जाएगी। अब भाजपा युवा मोर्चा प्रशासन की ओर से अधिसूचना जारी होने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन का इंतजार कर रहा है।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा मंडल पांवटा साहिब के अध्यक्ष संयम गुप्ता ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि ग्रामीणों में लंबे समय से बनी समस्या को लेकर उत्पन्न जन आक्रोश है। इसे राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा द्वारा पूर्व में भी इस मुद्दे को कई बार प्रशासन के समक्ष उठाया गया था और प्रशासन को स्पष्ट रूप से चेताया गया था कि यदि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और स्थानीय मार्ग पर उनकी अनावश्यक आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता को स्वयं आगे आकर मोर्चा संभालना पड़ेगा।

संयम गुप्ता ने कहा, “बार-बार प्रशासन को समस्या से अवगत कराने और कार्रवाई की मांग करने के बावजूद जब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो मजबूरन लोगों को स्वयं आगे आना पड़ा। हमारा उद्देश्य किसी व्यवस्था को चुनौती देना नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करवाना है।”

उन्होंने कहा कि बद्रीपुर–पुरुवाला मार्ग मुख्य रूप से स्थानीय लोगों की आवाजाही के लिए है। केवल दूरी बचाने या शॉर्टकट के लिए भारी वाहनों द्वारा इस मार्ग का इस्तेमाल करना स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा है। ऐसे वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से जाने के लिए निर्देशित किया जाना चाहिए।

भाजपा युवा मोर्चा ने प्रशासन से मांग की कि मार्ग पर ४० किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा का सख्ती से पालन करवाया जाए, नियमित पुलिस जांच की जाए, बिना नंबर प्लेट अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाए तथा भारी वाहनों की अनावश्यक आवाजाही को रोका जाए।

भाजपा युवा मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि अब भी प्रशासन की ओर से ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तो स्थानीय जनता के बढ़ते आक्रोश के बीच लोगों को आगे भी अपनी आवाज उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles