Paonta Sahib: SIU टीम की बड़ी सफलता, 13 किलो से ज्यादा चूरा पोस्त समेत 3 गिरफ्तार!

Paonta Sahib: SIU टीम की बड़ी सफलता, 13 किलो से ज्यादा चूरा पोस्त समेत 3 गिरफ्तार!

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

SIU नाहन की पुलिस टीम ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए पांवटा साहिब क्षेत्र में 13 किलो 680 ग्राम चूरा पोस्त की खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने भूपपुर स्थित हिमाचल प्रदेश टोल टैक्स बैरियर के पास घेराबंदी कर मौके से तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस दौरान नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार आज जब SIU नाहन की पुलिस टीम गश्त के दौरान रैनबैक्सी चौक के पास मौजूद थी। इसी बीच टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नसीम (निवासी गांव पलहोड़ी, तहसील पांवटा साहिब), उसमान (निवासी गांव जाट्टोंवाला, तहसील छछरोली, जिला यमुनानगर, हरियाणा) और अली अहमद (निवासी गांव डारपर, तहसील छछरोली, जिला यमुनानगर, हरियाणा) काफी समय से आपसी मिलीभगत से पांवटा साहिब व आसपास के इलाकों में चूरा पोस्त बेचने का अवैध धंधा कर रहे हैं। सूचना में बताया गया कि तीनों आरोपी बाहरी राज्यों से भारी मात्रा में नशा लाकर अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों के साथ भूपपुर टोल टैक्स बैरियर के पास खड़े हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिना कोई समय गंवाए तुरंत मौके पर पहुंचकर तीनों संदिग्धों को काबू किया। जब नियमानुसार उनकी और उनकी मोटरसाइकिलों की तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 13 किलो 680 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने नशा सामग्री को जब्त करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही मौके से एक बिना नंबर (A/F) की मोटरसाइकिल तथा दूसरी HP17H-8384 नंबर की बाइक को भी सीज कर दिया गया।

इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे यह खेप कहाँ से लाए थे और स्थानीय स्तर पर इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

 

Related posts

Leave a Comment