ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियां गांव में बुधवार को तीन मंजिला रिहायशी मकान अचानक ढह गया। मलबे में दो महिलाएं और दो डेढ़ वर्षीय बच्चियां दब गई। स्थानीय लोगों ने चारों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मां-बेटी की मौत हो गई। घायल दोनों बच्चियों का नागरिक अस्पताल राजगढ़ में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसा साफ मौसम के बीच भीम सिंह के मकान में हुआ है। सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान वेद प्रकाश और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे चारों लोगों को बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल राजगढ़ ले जाया गया। दोनों महिलाओं ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद छिछड़ियां गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय निर्मला पत्नी भीम सिंह और 32 वर्षीय पूजा पत्नी अमित राणा निवासी भवाई के रूप में हुई है। दोनों मां-बेटी थीं। हादसे में पूजा की डेढ़ वर्षीय बेटी ईरा और अरुण की डेढ़ वर्षीय बेटी अभियाना घायल हुई हैं। पूजा गर्भवती थीं और अपने मायके मेहमानी में आई थीं। उन्हें बुधवार को ही अपने ससुराल लौटना था, लेकिन इससे पहले मकान ढहने की घटना हो गई।
बताया गया है कि हादसे के समय भीम सिंह की पुत्रवधू भी मकान में मौजूद थी। वह मकान से बाहर निकली ही थी कि पीछे से भवन ढह गया और उसकी डेढ़ वर्षीय बच्ची मलबे की चपेट में आ गई। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के समय मकान में दो महिलाएं और दो छोटी बच्चियां मौजूद थीं।
दोनों मृतकों के शवों का नागरिक अस्पताल राजगढ़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत भी प्रदान की गई है। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर, तहसीलदार उमेश शर्मा और पंचायत प्रधान वेद प्रकाश अस्पताल में मौजूद रहे। घायल बच्चियों का अस्पताल में उपचार जारी है।

