ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
सिरमौर जिला पुलिस के डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 4,796 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार डिटेक्शन सेल की टीम गश्त के दौरान रैनबैक्सी चौक पर मौजूद थी। उसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा के कालाअंब, डाकघर हमीदपुर, तहसील नारायणगढ़, जिला अम्बाला) का निवासी रवि, पुत्र शेर सिंह, अपनी कार (HR04L-6828) में भारी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप लेकर विकासनगर से पांवटा साहिब की ओर आ रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की और उक्त वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 4,796 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर उसके खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि नशीले कैप्सूलों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे पांवटा साहिब या आसपास के इलाकों में किसे सप्लाई किया जाना था।

