ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार कहर बरपा रहा है. लगातार हो रही भारी बारिश से प्रदेश के कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं. चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर समेत कई जिलों में फ्लैश फ्लड, लैंडस्लाइड और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं. भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं साथ ही कई इलाकों का संपर्क टूट गया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में ऊना, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर और सिरमौर जिले में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने के आसार हैं. इसके अलावा, सोलन. मंडी, कुल्लू, हमीरपुर और शिमला जिले में कई जगहों पर हल्की से मध्यम और एक-दो जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है. प्रदेश के बाकी जिलों में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने आज (बुधवार, 22 जुलाई को) प्रदेश के 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.

हिमाचल के चंबा जिले में बारिश इनदिनों मुसीबत बमकर बरस रही है. जिले में नदी-नाले उफान पर है. चंबा में रावी में फंसे एक व्यक्ति का वीडियो खूब वायरल हो रहा है. मानसिक तौर पर बीमार व्यक्ति रावी के किनारे टहलते हुएु एक चट्टान पर जा बैठा था. इसी दौरान अचानक रावी का जलस्तर बढ़ गया. जलस्तर भी ऐसे बढ़ा कि वह वहां से चाह कर भी नहीं निकल पा रहा था. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचीं दमकल विभाग की टीम ने रावी का जलस्तर बढ़ने पर चट्टान पर बैठे इस व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

वहीं, चंबा जिला उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने रावी में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने की पुष्टि की है. उन्होंने बरसात के दिनों में नदी और नालों से दूर रहने का आह्वान किया है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जिला कुल्लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने और आनी, बंजार और निरमंड उपमंडलों में लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन एवं सड़क अवरोध की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन इन तीनों उपमंडलों के सभी शिक्षण संस्थानों को आज (बुधवार, 22 जुलाई को) बंद रखने के आदेश जारी किए हैं.
उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34(एम) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किए हैं. आदेशों के अनुसार आनी, बंजार और निरमंड उपमंडलों के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, महाविद्यालय, आईटीआई और अन्य सभी शिक्षण संस्थान आज बंद रहेंगे,
भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन
यह निर्णय विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़कें बाधित होने से आवागमन प्रभावित हुआ है. साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में जोखिम बढ़ गया है. जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों एवं सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए हैं. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

