प्यार के लिए अपना देश छोड़कर आई वियतनाम की युवती, इंटरनेट पर हुई थी दोस्ती; कांगड़ा के युवक के साथ रचाई शादी

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
जिला कांगड़ा के उपमंडल जवाली की पंचायत अमलेला के युवक रजत की प्रेम कहानी अब विवाह के खूबसूरत रिश्ते में बदल गई है। वियतनाम की युवती एचजिमवाया को अमलेला का युवक इतना पसंद आया कि वह सात समंदर पार से फतेहपुर पहुंच गई और दोनों ने हिंदू रीति रिवाज के साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधकर नई जिंदगी की शुरुआत की।
श्री नृसिंह मंदिर ठाकरां फतेहपुर में हुई इस अनोखी शादी को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। रजत भारत में एक निजी कंपनी में काम करते हैं और एचजिमवाया भी वियतनाम में एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
रजत ने बताया कि उसकी मुलाकात इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एचजिमवाया से हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। रजत ने कहा कि वह जीवनसंगिनी को लेने दिल्ली गए थे, जहां से वह उन्हें लेकर फतेहपुर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि यह विवाह दोनों परिवारों की सहमति और आशीर्वाद से हुआ है। दोनों एक-दूसरे की भाषा और संस्कृति को समझने का प्रयास करेंगे। नवविवाहिता एचजिमवाया ने हिंदू रीति रिवाज से हुई शादी को काफी पसंद किया।
भारतीय परंपराओं और विवाह की रस्मों को लेकर वह काफी उत्साहित नजर आईं। रजत के पिता सरताज सिंह ने इस विवाह पर खुशी जाहिर करते हुए नवविवाहित जोड़े को सुखद और खुशहाल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
पंडित योगराज शर्मा ने विधिविधानपूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ हिंदू रीति रिवाज से विवाह की सभी रस्में संपन्न करवाईं। इंटरनेट मीडिया से शुरू हुई यह दोस्ती अब दो अलग-अलग देशों की संस्कृतियों को जोड़ने वाले रिश्ते में बदल गई है। यह विवाह न केवल व्यक्तिगत प्रेम कहानी है, बल्कि यह वैश्विक एकता और सांस्कृतिक समन्वय का प्रतीक भी है।

