ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
जिला मुख्यालय नाहन में गुरुवार को जिला युवा कांग्रेस ने दिल्ली गेट पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान युवा कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्त्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण ठाकुर ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण बेहद गंभीर मामला है, जिसने देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। वर्षों की मेहनत और लगन से परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों के साथ यह अन्याय है। उन्होंने कहा कि जब युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हो, तब सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
अरुण ठाकुर ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर केंद्र सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस विद्यार्थियों की आवाज बनकर इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी। यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस अपने आंदोलन को और तेज करेगी और चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। इस मौके पर युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

