ओवरटेक करने पर विवाद…हरियाणा के पर्यटकों ने HRTC बस चालक के साथ की मारपीट; महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

ओवरटेक करने पर विवाद…हरियाणा के पर्यटकों ने HRTC बस चालक के साथ की मारपीट; महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार सुबह एचआरटीसी की वोल्वो बस चालक के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। दिल्ली से रोहड़ू जा रही बस के चालक पर कुछ पर्यटकों ने कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हरियाणा के दो युवकों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी ठियोग की तरफ फरार हो गए थे उनको भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी की वोल्वो बस रविवार सुबह करीब 6 बजे घोड़ा चौकी क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान हरियाणा से आए कुछ पर्यटकों ने बस को रुकवाया और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। घायल चालक की पहचान राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। बस चालक राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बस द्वारा पर्यटकों की गाड़ी को ओवरटेक करने के बाद विवाद शुरू हुआ। उनका कहना है कि आरोपियों ने उन्हें चलती बस से बाहर खींच लिया और मारपीट की। चालक के अनुसार यदि समय रहते बस कंडक्टर ने हैंडब्रेक नहीं लगाया होता तो बस में सवार लगभग 40 यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

मामले की जांच जारी

मारपीट में चालक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें छह टांके लगे हैं। घटना की सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक महिला भी शामिल बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज पुत्र शिव कुमार निवासी पंचकूला (उम्र 33 वर्ष), विकास कुमार पुत्र विलक्षण राम निवासी पंचकूला (उम्र 22 वर्ष), विक्की कुमार पुत्र शिव कुमार निवास गांव अभयपुर पंचकुला और प्रतिभा पत्नी विक्की कुमार गांव अभयपुर पंचकुला, हरियाणा के रूप में हुई है। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों एवं तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है।

Related posts

Leave a Comment