2.5 C
New York
Thursday, April 9, 2026

Buy now

हिमाचल में वॉल्वो बस रोकर फायरिंग, ड्राइवर-कंडक्टर पर चाकू से हमला, पंजाब के तीन आरोप गिरफ्तार

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां चलती वॉल्वो बस को रोककर कुछ युवकों ने ड्राइवर, कंडक्टर और यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया. इतना ही नहीं, आरोपियों ने मौके पर पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. यह घटना भवारना थाना क्षेत्र के तहत थुरल के पास बैरघट्टा में बुधवार रात सामने आई.

साइड न देने पर भड़के युवक

पुलिस के अनुसार, प्राइवेट वॉल्वो बस कांगड़ा के बीड़ से दिल्ली की ओर जा रही थी. जब बस बैरघट्टा के संकरे मार्ग से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रही काले रंग की थार में सवार युवकों ने ओवरटेक करने के लिए साइड मांगी. सड़क संकरी होने के कारण बस चालक तुरंत रास्ता नहीं दे सका, जिससे आरोपी भड़क गए. गुस्से में आकर युवकों ने बस को ओवरटेक कर आगे रोक दिया और जबरन बस के अंदर घुस गए.

बस रुकते ही आरोपियों ने ड्राइवर और कंडक्टर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और युवकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया. इस हमले में ड्राइवर और कंडक्टर के साथ बीच-बचाव कर रहे दो अन्य लोग भी घायल हो गए. घटना के दौरान बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और माहौल पूरी तरह से भयावह हो गया.

हवाई फायरिंग से फैली दहशत

हमले के दौरान आरोपियों ने पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग भी की. इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम हरकत में आई.

इस हमले में सुंदर सिंह निवासी मंडी, राज कुमार निवासी कांगड़ा, विजय कुमार निवासी मंडी और प्रवेश कुमार निवासी कांगड़ा घायल हुए हैं. सभी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थुरल ले जाया गया. घायलों में से राज कुमार और विजय कुमार की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

तीन आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी थुरल और थाना भवारना की टीम ने नाका लगाकर आरोपियों को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर सिंह (पठानकोट), निशान पाल (होशियारपुर) और अलीश (पठानकोट) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों की थार गाड़ी को कब्जे में लेकर हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू और पिस्टल भी बरामद कर ली है.

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों की गाड़ी से नशीला पदार्थ ‘चिट्टा’ भी मिला है. इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस तरह की घटनाओं को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी.

इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और सख्त निगरानी की जरूरत है.

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles