8.6 C
New York
Tuesday, April 7, 2026

Buy now

हत्या या हादसा! 4 दिनों से लापता चालक का खेत में मिला शव, परिवार सदमे में

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी थाना अंतर्गत लद्दा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चार दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव खेत से बरामद हुआ। मृतक की पहचान 42 वर्षीय सुरेश कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से चालक था। पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा लिए हैं।

एक अप्रैल से लापता था सुरेश

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार 1 अप्रैल से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता था। वह अपने रोजमर्रा के काम निपटाने के बाद घर से सड़क की ओर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर भराड़ी पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस ने जांच के दौरान सुरेश के मोबाइल की अंतिम लोकेशन ट्रेस की, जो लद्दा स्कूल के पास मिली। इसी सुराग के आधार पर जब पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन चलाया, तो स्कूल के समीप एक खेत में सुरेश का शव बरामद हुआ।

अज्ञात युवकों और मोबाइल पर टिकी जांच

इस मामले में पुलिस कई संदिग्ध पहलुओं पर काम कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरेश को आखिरी बार दो अज्ञात युवकों के साथ देखा गया था। पुलिस अब उन युवकों की पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस ने मृतक के पास से उसका मोबाइल फोन और जेब से 500 रुपए बरामद किए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल की कॉल डिटेल्स और डेटा के विश्लेषण से मौत से पहले के घटनाक्रम का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया, “शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह हत्या है या सामान्य मृत्यु। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।” बता दें कि सुरेश के परिवार में उनकी पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता हैं (पिता डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं)। इस घटना के बाद से परिवार सदमे में है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles