शिमला में पर्यटकों की दबंगई! स्थानीय लोगों को नकली पिस्तौल दिखाकर धमकाया, मची अफरा-तफरी

शिमला में पर्यटकों की दबंगई! स्थानीय लोगों को नकली पिस्तौल दिखाकर धमकाया, मची अफरा-तफरी

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऊपरी क्षेत्र मतियाना में शनिवार शाम को पर्यटकों की दबंगई का एक मामला सामने आया है। सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले दो पर्यटकों ने सड़क पर विवाद के दौरान स्थानीय लोगों को हथियारनुमा वस्तु दिखाकर डराने की कोशिश की, जिससे पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।

नकली पिस्तौल दिखाकर धमकाया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मतियाना बाजार में गलत तरीके से ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुई। दिल्ली पंजीकरण संख्या वाली ऑडी कार (DL 10CZ 7071) में सवार पर्यटकों ने एक स्थानीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो पर्यटकों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। झगड़े के दौरान माहौल तब तनावपूर्ण हो गया जब एक पर्यटक ने अपनी जेब से पिस्तौल जैसी दिखने वाली वस्तु निकाली और भीड़ को पीछे हटने की धमकी देने लगा। पिस्तौल देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके का फायदा उठाकर ठियोग की ओर फरार हो गए। आरोपियों की पहचान उज्ज्वल जैन, पुत्र राज कुमार जैन, पंजाबी बाग, सहारनपुर और सोहिल अरोड़ा पुत्र सुरेन्द्र अरोड़ा, वसंत विहार, दिल्ली रोड, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

नाकेबंदी और गिरफ्तारी

ठियोग पुलिस को शाम 5:50 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल प्रेमघाट चौक पर कड़ा नाका लगाया गया। कुछ ही समय बाद संदिग्ध ऑडी कार को पुलिस ने चारों तरफ से घेर लिया। कार की तलाशी लेने पर वह ‘पिस्तौल’ बरामद हुई, जो जांच में महज एक साधारण चीनी निर्मित लाइटर निकली। शिमला के पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने वाहन और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों को चेतावनी दी है कि वे देवभूमि की शांति भंग न करें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।

Related posts

Leave a Comment