ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
पांवटा साहिब उपमंडल से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां शिलाई के 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गिरिपार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान कर्ण शर्मा पुत्र सीता राम शर्मा, निवासी नाया (शिलाई) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कर्ण आईटीआई का प्रशिक्षु था और हाल ही में अपने परिवार के साथ एकता कॉलोनी में नए घर में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले घर का माहौल पूरी तरह सामान्य था और किसी प्रकार के विवाद या मानसिक तनाव की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में युवक द्वारा उठाया गया यह कदम सभी के लिए हैरान करने वाला है।
जानकारी के अनुसार, कर्ण के पिता पांवटा साहिब में सब्जी की दुकान चलाते हैं। परिवार ने कभी नहीं सोचा था कि उनका बेटा इतनी कम उम्र में ऐसा कदम उठा लेगा। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों से पूछताछ जारी है।
यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। आज के युवाओं को सही मार्गदर्शन, भावनात्मक सहयोग और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की आवश्यकता है। परिवार और समाज को इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।

