टपक रहा था बारिश का पानी, ड्राइवर ने छाता लेकर चलाई बस

टपक रहा था बारिश का पानी, ड्राइवर ने छाता लेकर चलाई बस

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में एचआरटीसी की बसों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चम्बा से होली जा रही एक बस का चालक ड्राइविंग सीट पर छाता तानकर बस चला रहा है। दरअसल, बस की छत इतनी जर्जर है कि बारिश का पानी सीधे चालक के ऊपर गिर रहा था, जिससे बचने के लिए उसे यह अनोखा तरीका अपनाना पड़ा।

बसों की हालत और यात्रियों की मुश्किलें

स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि निगम की बसें अब ‘खटारा’ हो चुकी हैं। इन बसों में केवल छत ही नहीं टपक रही, बल्कि सीटें फटी हुई हैं और खिड़कियों के शीशे भी टूटे हुए हैं। स्पेयर पार्ट्स की कमी के कारण बसों की सही ढंग से मरम्मत नहीं हो पा रही है, जिससे आए दिन बसें बीच रास्ते में ही खराब हो रही हैं। यात्रियों का आरोप है कि ऐसी कंडम बसों को सड़कों पर उतारकर उनके जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान कार्यकाल में एचआरटीसी की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है।

एचआरटीसी निदेशक सुरजीत सिंह भरमौरी ने इसके लिए पिछली भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि सरकार बेड़े में नई बसें शामिल करने और पुरानी बसों की मरम्मत के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

चम्बा के उपमंडलीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि बस की छत में छेद होने के कारण पानी अंदर आ रहा होगा, जिसे जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा ताकि भविष्य में यात्रियों और चालक को परेशानी न हो।

क्षेत्र के लोग अब सरकार से मांग कर रहे हैं कि पुराने बेड़े को हटाकर जल्द से जल्द नई बसें चलाई जाएं ताकि पहाड़ी रास्तों पर सफर सुरक्षित और आरामदायक हो सके।

Related posts

Leave a Comment