ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हरियाणा राज्य के सोनीपत जिले की खरखौदा थाना पुलिस ने चावल के लेन-देन में 48 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर निवासी अनुज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि ठगी गई रकम की बरामदगी हो सके और इस नैटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
व्हाट्सएप पर अकाऊंट नंबर भेजकर मंगवाए 48 लाख
जानकारी के अनुसार खरखौदा के मेन बाजार में अपने पिता की फर्म गर्ग एंटरप्राइज का संचालन करने वाले अनिल ने 29 जुलाई 2023 को पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। अनिल ने बताया कि 5 मई 2023 को उनके पास बहादुरगढ़ निवासी यशपाल का फोन आया था। यशपाल दिल्ली के नया बाजार में चावल की दलाली का काम करता है। इसी फोन कॉल पर दोनों के बीच चावल के एक बड़े सौदे को लेकर सहमति बनी थी। शिकायतकर्ता अनिल के मुताबिक डील तय होने के बाद दलाल यशपाल ने उन्हें व्हाट्सएप पर ट्रेड एक्सपर्ट नाम से एक बैंक खाता नंबर भेजा। अनिल ने उस खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 48 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। लेकिन लाखों रुपए लेने के बावजूद उन्हें न तो चावल का माल भेजा गया और न ही उनके पैसे वापस लौटाए गए। ठगी का अहसास होने पर अनिल ने खरखौदा थाने में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया।
3 दिन के रिमांड पर आरोपी, उगलवाए जाएंगे राज
इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच कर रही खरखौदा थाना पुलिस टीम के उप निरीक्षक हरिप्रकाश ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 3 दिन की रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस का मुख्य फोकस ठगी गई 48 लाख रुपए की रकम बरामद करना है। साथ ही, पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि इस धोखाधड़ी में दलाल यशपाल और अन्य किन-किन लोगों की भूमिका रही है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
मामले को लेकर क्या कहते हैं एएसपी सिरमौर
जब इस संबंध में एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह मामला हमारी जानकारी में नहीं है। एएसपी ने कहा कि यदि ऐसा हुआ है, तो मामले की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।

