10.5 C
New York
Saturday, March 14, 2026

Buy now

Paonta Sahib: SIU टीम की गुप्त सूचना पर घर में दबिश, पिस्टल और जिंदा कारतूसों के साथ युवक गिरफ्तार

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

जिला सिरमौर में अवैध हथियारों की तस्करी और खरीद-फरोख्त के खिलाफ पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। पुलिस थाना पुरुवाला के अधिकार क्षेत्र में एसआईयू और साइबर सैल नाहन की टीम ने एक युवक के घर दबिश देकर अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान इलाके के एक आपराधिक प्रवृत्ति वाले युवक के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मार्च को एसआईयू टीम को गुप्त सूत्रों से एक अहम सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि मेहरबान उर्फ अरबाज (22) पुत्र कमरुदीन निवासी गांव मैहरुवाला, डाकघर भंगाणी, तहसील पांवटा साहिब इलाके में अवैध पिस्टल व देसी कट्टों की खरीद-फरोख्त करता है। मुखबिर ने पुलिस को यह भी स्पष्ट किया था कि आरोपी की प्रवृत्ति आपराधिक है और उस समय भी उसके पास एक अवैध पिस्टल मौजूद थी।

इस पुख्ता सूचना के मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी मेहरबान के घर पर दबिश दी। पुलिस द्वारा आरोपी के ठिकाने की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान टीम को आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, 2 मैगजीन और कुल 8 जिंदा कारतूस बरामद हुए। हथियारों की बरामदगी होते ही पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि हथियारों को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपी मेहरबान के खिलाफ आर्म्स एक्ट (शस्त्र अधिनियम) की धारा 25 और 30 के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है। अब रिमांड के दौरान आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह हथियार कहां से खरीद कर लाता था, आगे किसे बेचता था और इस अवैध हथियार सिंडिकेट में उसके तार किन-किन लोगों या बाहरी राज्यों से जुड़े हुए हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles