ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत खरियालता तलमेहड़ा के गांव बड़ोहा की होनहार बेटी नेहा सरोआ ने कड़ी मेहनत और लग्न के बल पर सीएसआईआर-यूजीसी नैट परीक्षा में 75वां रैंक हासिल कर जिला ऊना का नाम पूरे देश में रोशन किया है। साधारण किसान परिवार से संबंध रखने वाली नेहा ने अपने लक्ष्य को हासिल कर यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से हर मंजिल पाई जा सकती है।

नेहा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और उसने हमेशा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। नेहा सरोआ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों को दिया है। उन्होंने कहा कि यह मुकाम हासिल करने के लिए वह कड़ी मेहनत कर रही थी। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत सच्ची हो तो सफलता अवश्य कदम चूमती है। उन्होंने कहा कि वह पुणे स्थित डिफैंस इंस्टीच्यूट ऑफ एडवांस टैक्नॉलाजी में पीएचडी करके शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना चाहती है।
नकद राशि और प्रशस्ति पत्र देकर किया जाएगा सम्मानित
सदाशिव मंदिर ध्यूंसर महादेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने नेहा सरोआ को बधाई देते हुए कहा कि गांव बड़ोहा की यह बेटी हमेशा पढ़ाई में अव्वल रही है। उन्होंने कहा कि सीएसआईआर-यूजीसी नैट परीक्षा में 75वां रैंक हासिल करना बहुत बड़ी उपलब्धि है और यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। नेहा की सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि सदाशिव मंदिर ध्यूंसर महादेव चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा नेहा सरोआ को नकद राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
