ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
पीटीसी डरोह में चल रहे आरटीसी कोर्स की एक महिला कांस्टेबल की मौत होने का मामला सामने आया है। जानकारी अनुसार जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र की एक महिला अभी हाल ही में पुलिस विभाग में बतौर कांस्टेबल भर्ती होकर प्रशिक्षण के लिए पीटीसी डरोह आई थी। बीते फरवरी माह से पीटीसी में लगभग 1253 महिला व पुरुष प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला की कुछ समय पूर्व तबीयत खराब हुई तो डॉक्टरों ने उसे अल्सर की समस्या बताई। महिला को उपचार के लिए टांडा ले जाया गया। वहां उसका उपचार चल रहा था। बीती रात उसकी तबीयत खराब हुई और रविवार को उसकी मौत हो गई। इस घटना से समूचे पुलिस परिवार और परिजनों में माहौल गमगीन हो गया है।
बता दें कि जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र के मनोर गांव की एक प्रतिभाशाली बेटी, कांस्टेबल नेहा शर्मा, ने केवल 28 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह में तैनात नेहा पिछले कुछ समय से बीमारी से जूझ रही थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि उनका सफर इतनी जल्दी थम जाएगा।
माता अनीषा शर्मा और पिता कमल दत्त शर्मा की लाडली नेहा ने जब पुलिस की वर्दी पहनी थी, तो पूरे क्षेत्र को उन पर गर्व था, पर आज वही क्षेत्र उनकी असमय विदाई पर शोक की लहर में डूबा है।
