Friday, February 27, 2026
HomeUncategorizedहिमाचल में राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, मार्च में होगा मतदान

हिमाचल में राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, मार्च में होगा मतदान

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

राज्यसभा सदस्य के रूप में इंदु गोस्मामी का 9 अप्रैल, 2026 को कार्यकाल पूरा हो रहा है। इस कारण राज्यसभा सीट को भरने के लिए 16 मार्च को मतदान होगा। केंद्रीय चुनाव आयोग की तरफ से इस चुनाव को करवाने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 5 मार्च होगी तथा 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र को 9 मार्च को वापस लिया जा सकता है तथा आवश्यकता पड़ने पर 16 मार्च को सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान हिमाचल प्रदेश विधानसभा के डा. वाईएस परमार पुस्तकालय भवन में होगा। इसके बाद उसी दिन सायं 5 बजे मतगणना की जाएगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा को चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप सचिव विधि जितेेंद्र सिंह कंवर सहायक रिटर्निंग ऑफिसर होंगे। अधिसूचना के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को 20 मार्च तक पूरा कर दिया जाएगा।

कांग्रेस-भाजपा ने अभी प्रत्याशी चयन पर नहीं लिया निर्णय

राज्यसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भाजपा ने अभी प्रत्याशी चयन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया है। प्रदेश में सत्तारूढ़ होने के कारण कांग्रेस की तरफ से इस चुनाव के लिए प्रत्याशी को उतारा जाएगा, क्योंकि विधानसभा का अंक गणित उसके पक्ष में है। इस समय 68 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस सदस्यों की संख्या 40 और विपक्षी भाजपा की संख्या 28 है। ऐसे में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत निश्चित है, लेकिन पिछले राज्यसभा चुनाव की तरह क्रॉस वोटिंग होने की स्थिति में समीकरण परिवर्तित होने से इंकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों की तरफ से प्रत्याशी चयन का निर्णय पार्टी हाईकमान पर छोड़ा गया है तथा किसी भी दल की तरफ से अब तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments